नवजोत सिंह सिद्धू ने पत्नी के साथ खेला गिल्ली डंडा, बचपन की यादों को ताजा किया
चंडीगढ़। पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू हमेशा अपने कामों और बयानों की वजह से सुर्खियों में रहते हैं। राजनीति और खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले सिद्धू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह गिल्ली-डंडा खेलते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू और अन्य लोग भी उनके साथ हैं।
वीडियो में नवजोत सिंह सिद्धू डंडे से गिल्ली पर शानदार शॉट लगाते दिखाई दे रहे हैं। यह खेल भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के बीच बहुत लोकप्रिय है। वीडियो में जब उनके शॉट मिस होते हैं, तो लोग हंसते हैं, और जब सफल शॉट होता है, तो तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई देती है। सिद्धू का ये अंदाज उनके प्रशंसकों को बहुत पसंद आ रहा है।
नवजोत सिंह सिद्धू ने यह वीडियो अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “अपने बचपन को फिर से जी रहा हूं। इंटरनेट पर समय बिताने की तुलना में आउटडोर गेम अधिक बेहतर हैं। जहां असफलता भी मजेदार होती है और आपको बेहतर बनने के लिए प्रेरित करती है। खेल वह ऊंचाई देता है जो अद्वितीय है। खेल हमारे युवाओं को नशे, शराब और अन्य बुराइयों से दूर रखता है।” सिद्धू का यह संदेश ऑनलाइन लोगों के बीच बहुत सराहा जा रहा है।
नवजोत सिंह सिद्धू पिछले एक साल से राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं। दिल्ली चुनावों के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं था। वे पहले पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने राजनीति से ब्रेक लिया है।
हाल ही में सिद्धू को एक मामले में जेल भी जाना पड़ा था। इसी दौरान उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के कैंसर से ग्रसित होने की खबर आई थी, लेकिन उन्होंने दावा किया कि आयुर्वेद का इलाज अपनाकर उन्होंने कैंसर को पूरी तरह मात दे दी है।
गिल्ली-डंडा भारत का एक प्राचीन खेल है, जो आज भी ग्रामीण इलाकों में खेला जाता है। इस खेल के लिए मैदान में एक गड्ढा तैयार किया जाता है और गड्ढे में गिल्ली रखी जाती है। डंडे से हल्के से गिल्ली को मारा जाता है, जिससे वह हवा में उछलती है। बाद में, गिल्ली को डंडे से जोर से मारकर दूर फेंका जाता है। जो खिलाड़ी गिल्ली को सबसे ज्यादा दूर फेंकता है, उसे विजेता घोषित किया जाता है।
नवजोत सिंह सिद्धू का यह वीडियो उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सिद्धू ने अपने इस अंदाज और संदेश के माध्यम से खेलों के महत्व को एक बार फिर से रेखांकित किया है।
Discussion about this post