दिल्ली में जल संकट के मुद्दे पर भूख हड़ताल कर रहीं जल मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें देर रात लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल (एलएनजेपी) में भर्ती कराया गया है।
24-25 जून की रात को दिल्ली में जल संकट के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठीं जल मंत्री आतिशी की तबीयत खराब हो गई। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह और अन्य कार्यकर्ता उन्हें देर रात लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल ले गए।
दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘रात से ही आतिशी का ब्लड शुगर लेवल गिर रहा था। ब्लड सैंपल में शुगर लेवल 46 निकला और पोर्टेबल मशीन से 36। डॉक्टर जांच कर रहे हैं और फिर सुझाव देंगे।’
आप सांसद संजय सिंह ने बताया कि आतिशी का ब्लड शुगर लेवल 43 तक गिर गया है। उनकी तबीयत खराब हो गई है। डॉक्टरों ने कहा कि अगर उन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया तो हालत और बिगड़ सकती है। आतिशी ने पिछले पांच दिनों से कुछ भी नहीं खाया है। उनका शुगर लेवल गिर गया है, कीटोन बढ़ रहा है और ब्लड प्रेशर कम हो रहा है। वह अपने लिए नहीं, बल्कि दिल्ली के लोगों और पानी के लिए लड़ रही हैं।
चार दिन बाद आतिशी का वजन 2.2 किलो कम हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है। सोमवार को लोकनायक अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी जांच की और बताया कि मंत्री का वजन कम हो रहा है और हालत खराब है, इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती होना चाहिए। लेकिन मंत्री ने अनशन खत्म करने से मना कर दिया।
आतिशी 21 जून से दिल्लीवासियों को हरियाणा से उनके हक का पानी दिलवाने के लिए भूख हड़ताल पर बैठी हैं। डॉक्टरों ने बताया कि अनशन शुरू करने से पहले उनका वजन 65.8 किलो था, जो चौथे दिन घटकर 63.6 किलो रह गया है। चार दिन में उनका ब्लड शुगर लेवल 28 यूनिट गिरा है और ब्लड प्रेशर भी कम हो गया है। डॉक्टरों ने इसे खतरनाक बताया है और यूरिन कीटोन स्तर भी बढ़ रहा है।
Discussion about this post