दिल्ली में जल संकट को लेकर सियासी हलचल बढ़ गई है। हरियाणा से अतिरिक्त पानी की मांग को लेकर दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने भोगल के जंगपुरा स्थित सैनी चौपाल में शुक्रवार से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। आज उनके अनशन का दूसरा दिन है।
दिल्ली में जल संकट के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली जल बोर्ड के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।
आतिशी ने पानी की लड़ाई के लिए अन्न त्याग कर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया है। उन्होंने कहा कि वह अनशन में केवल पानी ही पिएंगी और जब तक दिल्ली को अतिरिक्त पानी नहीं मिलता, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि जल संकट के लिए भाजपा जिम्मेदार है और उन्होंने वजीराबाद बैराज की तस्वीरें भी दिखाईं। संजय सिंह ने लोगों से अपील की कि वे इस लड़ाई में उनका साथ दें। इस मौके पर उनके साथ सुनीता केजरीवाल, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, विधायक राखी बिड़लान, जरनैल सिंह और पार्टी के कई पार्षद भी मौजूद थे।
आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि एक मिलियन गैलन (एमजीडी) पानी से 28,500 लोगों को पानी मिलता है। जब हरियाणा सरकार दिल्ली को 100 एमजीडी पानी नहीं देती है, तो 28 लाख से ज्यादा लोगों का पानी रुक जाता है। इसी कारण दिल्ली के कई हिस्सों में पानी की कमी हो रही है और लोग घंटों पानी का इंतजार कर रहे हैं। आतिशी ने हिमाचल प्रदेश की सरकार से अपील की कि अगर उनके पास अतिरिक्त पानी है तो दिल्ली को दें। हिमाचल प्रदेश की सरकार ने पानी देने की इच्छा जताई, लेकिन वह पानी हरियाणा से होकर आना था और हरियाणा सरकार ने इसके लिए मना कर दिया।
Discussion about this post