भारतीय नौसेना ओमान की नौसेना के साथ मिलकर समुद्र में बचाव और राहत अभियान चला रही है। एक तेल टैंकर के क्रू में 16 लोग लापता हैं, जिनमें से 13 भारतीय हैं।
ओमान के तट पर पलटे तेल टैंकर की मदद के लिए भारतीय नौसेना ने अपने युद्धपोत आईएनएस तेग और एक निगरानी विमान पी-8 आई को तैनात किया है। भारतीय नौसेना और ओमान की नौसेना मिलकर समुद्र में बचाव और राहत का काम कर रही हैं। इस तेल टैंकर के क्रू में 16 लोग लापता हैं, जिनमें से 13 भारतीय हैं। टैंकर जिस जगह पलटा, भारतीय युद्धपोत उसी इलाके में था। 15 जुलाई को इसे खोज और बचाव अभियान के लिए निर्देश दिया गया और 16 जुलाई की सुबह टैंकर का पता लग गया।
समुद्री सुरक्षा केंद्र के मुताबिक, पलटे जहाज का नाम प्रेस्टीज फाल्कन है। यह जहाज दुबई के हमरिया बंदरगाह से यमन के अदन बंदरगाह जा रहा था। कोमोरोस के झंडे वाला यह जहाज ओमान के तट पर रास मद्रकाह इलाके से 46 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में पलट गया। इसमें 16 क्रू सदस्य थे, जिनमें 13 भारतीय और तीन श्रीलंकाई हैं। सभी लापता हैं। जहाज अभी भी समुद्र में पलटा हुआ है। तेल लीक होने की जानकारी अभी नहीं मिली है।
इस्राइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद अदन की खाड़ी और लाल सागर में जहाजों पर हमले बढ़ गए हैं। ये हमले ईरान समर्थित हूती विद्रोही कर रहे हैं। अमेरिका और ब्रिटेन ने इन विद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई की है, लेकिन हमले नहीं रुके हैं। इन हमलों से अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट प्रभावित हुआ है और कई जहाज अफ्रीका होकर लंबा रास्ता तय कर रहे हैं, जिससे महंगाई बढ़ रही है। अगर लाल सागर और अदन की खाड़ी में हमले नहीं रुके तो हालात और बिगड़ सकते हैं।












Discussion about this post