अमरनाथ यात्रा शुरू होने से 20 दिन पहले, रियासी जिले के प्रसिद्ध शिव धाम शिवखोड़ी से दर्शन कर लौट रहे यात्रियों की बस पर आतंकियों ने हमला किया। इस हमले के बाद बस गहरी खाई में गिर गई। इस घटना में एक बच्चे समेत नौ लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए। सभी मृतक और घायल यात्री उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के बताए जा रहे हैं। घटना में 6-7 यात्रियों को गोलियां भी लगी हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह घटना रविवार की शाम लगभग सवा छह बजे हुई। रियासी की एसएसपी मोहिता शर्मा ने नौ लोगों के मरने और 33 के घायल होने की पुष्टि की है। अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू होनी है।
यात्रियों से भरी बस (जेके 02 एई 3485) शिवखोड़ी से कटड़ा लौट रही थी। बस में 42 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुबह शिवखोड़ी दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय, पौनी और शिवखोड़ी के बीच कंडा त्रयाथ इलाके में चंडी मोड़ के पास आतंकियों ने बस के सामने आकर फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से चालक ने बस का संतुलन खो दिया और बस लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस गिरते समय आतंकियों ने पीछे से भी गोलियां चलाईं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। बस गिरने के बाद कई लोगों के शव मौके पर पड़े मिले और कुछ शव पेड़ों पर फंसे हुए थे। जंगली इलाका होने के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आईं। काफी प्रयास के बाद घायलों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अधिकारी भी रियासी से मौके पर पहुंचे। घायलों को पीएचसी पौनी और त्रियाथ ले जाया गया। पौनी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रियासी रेफर किया गया। कुछ घायलों को हेल्थ सेंटर भारख में भी लाया गया। हमले में मारे गए चार लोगों के शव पौनी में रखे गए हैं।
Discussion about this post